कोतवाली क्षेत्र के मिल्लत नगर में महिलाओं पर कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी करने का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर करीब 10 से 12 लोगों ने लाठी-डंडों, ईंट-पत्थरों और धारदार हथियार से हमला कर तीन लोगों को गंभीर रुप से घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शाहगंज नगर के मिल्लत नगर इराकियाना मोहल्ला निवासी शफीक पुत्र अकबर अली ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 9 अक्टूबर की रात करीब 8:40 बजे वह अपनी दुकान बंद करके पत्नी के साथ घर जा रहे थे। उनका मुख्य मार्ग से लगभग 50 मीटर अंदर बेकरी की गली में है। आरोप है कि रास्ते में गली के मोड़ पर कंपोजिट शराब की दुकान संचालित होती है, जहां कुछ लोग शराब पी रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने गली से आने-जाने वाली महिलाओं पर कथित तौर पर अभद्र टिप्पणियां कीं। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस तरह की हरकतों का विरोध करने पर संबंधित लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरु कर दी।

तहरीर के मुताबिक, आरोपितों ने अपने साथियों के साथ मिलकर शिकायतकर्ता और बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों पर लाठी-डंडों तथा ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियार से भी वार किया, जिससे तीन लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। हमले में शफीक के सिर पर भी गंभीर चोट आई। घटना के बाद घायल पक्ष के लोग मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने जान से मारने का प्रयास किया और घटना के बाद मौके से फरार हो गए।घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। हालत गंभीर होने पर शफीक को जिला अस्पताल जौनपुर रेफर कर दिया गया, जहां उनके सिर में लगी चोट के उपचार के लिए टांके लगाए गए। मामले में पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बृजेश कुमार सिंह, अभिषेक अग्रहरि, दिलीप जायसवाल और आलोक सिंह सहित 10 से 12 अज्ञात पर गम्भीर धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।
