केराकत थाना क्षेत्र के बलईपुर पतिला गांव में मंगलवार तड़के गोली मारकर हिस्ट्रीशीटर गुलाब पाल (30) की हत्या कर दी गई। वारदात की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल गुलाब पाल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।

मृतक की पहचान बलईपुर पतिला गांव निवासी गुलाब पाल के रुप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गुलाब पाल का नाम हिस्ट्रीशीटर के रूप में दर्ज था। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया। वारदात को अंजाम देने वाले हमलावर की पहचान और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ फॉरेंसिक और सर्विलांस टीम भी जांच में जुट गई हैं। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही वारदात से जुड़े संभावित सुरागों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना की परिस्थितियों और हमलावर तक पहुंचा जा सके।

क्षेत्राधिकारी गिरेंद्र सिंह ने बताया कि घटनास्थल पर शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने और वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
