केराकत थाना क्षेत्र के सरौनी पूरबपट्टी गांव में जमीन के विवाद को लेकर एक अधेड़ को गोली मारकर घायल करने का मामला सामने आया है। शुक्रवार की सुबह हुई इस घटना में समर बहादुर मौर्या (55) की जांघ में गोली लगी है। घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल के पुत्र अर्जुन मौर्या ने डायल 112 पर सूचना देकर आरोप लगाया कि गांव के ही कन्हैया लाल मौर्या उर्फ लुल्ली पुत्र लाल बहादुर मौर्या, ने जमीन के विवाद को लेकर उनके पिता को गोली मार दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और मामले की जांच शुरु कर दी। गोली लगने से घायल समर बहादुर मौर्या को परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से सीएचसी केराकत पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद उनकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल जौनपुर भेज दिया गया। घटना के पीछे जमीन का विवाद बताया जा रहा है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
