पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बुधवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में टेनिस बॉल क्रिकेट के तीन खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसा बल्दीराय थाना क्षेत्र में सुखबड़ेरी के पास एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 97.5 के करीब हुआ। बताया जा रहा है कि सभी खिलाड़ी लखनऊ में क्रिकेट टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के बाद अर्टिगा कार से देवरिया लौट रहे थे।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब पांच बजे छह खिलाड़ियों को लेकर जा रही अर्टिगा कार तेज रफ्तार में आगे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। शुरुआती जांच में चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों के साथ ही यूपीडा के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरु किया। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे लोगों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। सुरक्षाकर्मियों और अन्य लोगों ने कार के गेट तोड़कर घायलों एवं अन्य सवारों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी को एंबुलेंस से पअस्पताल भेजा गया।

घायलों को पहले कुमारगंज स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें अयोध्या के मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया। चिकित्सकों ने तीन खिलाड़ियों को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान नित्या प्रजापति, इरफान अंसारी और अनिकेत सिंह के रुप में हुई है। उपलब्ध स्थानीय रिपोर्ट के अनुसार तीनों देवरिया के रहने वाले और टेनिस बॉल क्रिकेट के खिलाड़ी थे। वे विभिन्न स्थानों पर क्रिकेट टूर्नामेंट खेलने के लिए जाते रहते थे। हादसे की खबर जैसे ही देवरिया में खिलाड़ियों के परिवारों तक पहुंची, वहां कोहराम मच गया। परिजन अयोध्या और सुल्तानपुर के लिए रवाना हो गए। तीनों खिलाड़ी प्रतियोगिताओं में सक्रिय रुप से हिस्सा लेते थे। उनकी असमय मौत से साथी खिलाड़ियों और क्षेत्र के लोगों में शोक की लहर है।

हादसे की सूचना मिलते ही बल्दीराय पुलिस, प्रशासन और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरु कर दी। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के साथ ही हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर चालक को झपकी आने की बात सामने आई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। इस दर्दनाक हादसे ने टेनिस बॉल क्रिकेट जगत को गहरा आघात पहुंचाया है। तीन युवा खिलाड़ियों की एक साथ मौत की खबर से देवरिया समेत क्रिकेट से जुड़े लोगों में शोक व्याप्त है।
