नंदगंज थाना क्षेत्र के धरवां गांव निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद हड़कंप मच गया। युवक की मां ने अपने बेटे के बड़े भाई की ससुराल पक्ष के लोगों पर मारपीट कर उसे गंभीर रुप से घायल करने और सड़क किनारे अधमरी हालत में छोड़ने का गंभीर आरोप लगाया है। उपचार के लिए अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की मां जोखनी देवी पत्नी स्व. राजकुमार ने शहर कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि उनका छोटा बेटा मुन्ना कुमार अपने बड़े भाई की ससुराल चकहुसाम गांव गया था। तहरीर के मुताबिक मुन्ना का बड़े भाई की साली अन्नू कुमारी से करीब दो वर्षों से बातचीत और प्रेम संबंध था। दोनों के विवाह की बात भी चल रही थी और लड़की के पिता हृदय नारायण भी कथित तौर पर शादी के लिए तैयार थे। परिजनों के अनुसार घटना से कुछ दिन पहले मुन्ना और हृदय नारायण के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसके बाद हृदय नारायण ने अपनी पुत्री की शादी मुन्ना से करने से इनकार कर दिया। इसी विवाद के बीच मुन्ना के चकहुसाम पहुंचने की बात सामने आई।

जोखनी देवी का आरोप है कि मुन्ना के वहां पहुंचने के कुछ समय बाद शकुन्तला कुमारी ने उनके मोबाइल पर फोन कर गाली-गलौज करते हुए छोटे बेटे को वापस बुलाने को कहा और धमकी दी। कुछ देर बाद उनकी बेटी सुलेखा के मोबाइल पर भी फोन कर कथित तौर पर बताया गया कि मुन्ना को बहुत मारापीटा गया है और उसे बचाना हो तो आकर ले जाओ। तहरीर के मुताबिक सूचना मिलने पर जोखनी देवी अपनी बड़ी बहू के साथ चकहुसाम पहुंचीं, लेकिन मुन्ना वहां नहीं मिला। परिवार ने आसपास तलाश शुरु की। इसी दौरान हृदय नारायण के घर से करीब 800-900 मीटर दूर चौकिया मोड़ हाईवे ओवरब्रिज के पास मुन्ना गंभीर हालत में मिला।
परिजन उसे तत्काल महराजगंज स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे सरकारी अस्पताल गाजीपुर ले जाने की सलाह दी। इसके बाद उसे गाजीपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

मृतक की मां ने हृदय नारायण, उनकी पत्नी मंजू देवी, पुत्री शकुन्तला कुमारी, अन्नू कुमारी तथा श्यामसुंदर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद भी मोबाइल फोन के माध्यम से परिजनों को धमकियां दी गईं, जिसके कारण परिवार भय और सदमे में गांव लौट आया और अगले दिन पुलिस को सूचना दी। शहर कोतवाल ने बताया कि जोखनी देवी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
