पटेलनगर क्षेत्र के हरभजवाला स्थित नीलकंठ एनक्लेव में किराये के कमरे से कथित देह व्यापार संचालित किए जाने के मामले में पुलिस ने छापेमारी कर छह लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दिल्ली से देहरादून लाई गई एक नाबालिग युवती को भी सुरक्षित रेस्क्यू किया।

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अभिषेक नामक आरोपी नाबालिग युवती को मसूरी घुमाने के बहाने दिल्ली से देहरादून लेकर आया था। पुलिस का आरोप है कि देहरादून पहुंचने के बाद युवती पर गलत काम के लिए दबाव बनाया गया। कथित तौर पर इनकार करने पर उसे कमरे में रोककर रखा गया। पुलिस को नीलकंठ एनक्लेव स्थित किराये के कमरे में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली जिसके आधार पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान छह लोगों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ और जांच के दौरान पुलिस को वहां नाबालिग युवती के मौजूद होने की जानकारी मिली, जिसके बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया।

पुलिस के अनुसार, नाबालिग से जुड़े आरोपों को गंभीरता से लेते हुए उसके बयान, मेडिकल परीक्षण और अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। मामले में संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष कुमार लखेड़ा निवासी नीलकंठ एनक्लेव, हरभजवाला पटेलनगर अभिषेक निवासी महावीर नगर दिल्ली, भानू उर्फ सिद्धांत निवासी बड़ोवाला देहरादून तथा ममता निवासी शंकरपुर पूर्वी दिल्ली, नेहा निवासी संगम विहार दिल्ली और सुमन निवासी कल्याणपुरी, दिल्ली के रुप में हुई है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि किराये के कमरे में कथित गतिविधियां कितने समय से संचालित हो रही थीं और इसमें अन्य लोगों की भी कोई भूमिका थी या नहीं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के साथ ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। नाबालिग युवती को फिलहाल सुरक्षा में रखा गया है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
