इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के न्याय खंड-1 स्थित काला पत्थर रोड पर ऑनलाइन शॉपिंग डिलीवरी मार्ट और गोदाम में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रुप धारण कर लिया और उसकी लपटों ने बराबर स्थित एक फर्नीचर की दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया।

आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसमान में काले धुएं का घना गुबार दिखाई देने लगा। एहतियातन आसपास की दुकानों को खाली कराया गया, ताकि आग के फैलने की स्थिति में किसी तरह की जनहानि न हो।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 8 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरु किया। दमकल कर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हुए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। किसी जनहानि या किसी के हताहत होने की सूचना अभी तक सामने नहीं आई है। आग से गोदाम और आसपास की संपत्तियों को हुए नुकसान का आकलन आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद किया जाएगा।
