क्षेत्र के भेला बस स्टॉप के पास कोटिला गांव स्थित एक बगीचे में रविवार सुबह एक युवक का शव बेल के पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ऊंचगांव निवासी संतोष गौतम (37) के रुप में हुई है। वह जमौली गांव के कम्मरपुर मोड़ पर एसकेएस डिजिटल लाइब्रेरी का संचालन करता था।

बताया गया कि रविवार सुबह कुछ बच्चे कोचिंग पढ़ने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर बगीचे में बेल के पेड़ से लटके शव पर पड़ी। बच्चों ने इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी। कुछ ही देर में मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। शव की पहचान संतोष गौतम के रुप में होते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों के अनुसार संतोष अपने पिता अलगू गौतम के दो पुत्रों में छोटा और अविवाहित था। वह बीते 3 जुलाई की रात से घर से लापता था। परिजन अपने स्तर से उसकी काफी समय से तलाश कर रहे थे, लेकिन इस संबंध में पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई थी। रविवार को घर से करीब तीन किलोमीटर दूर बगीचे में उसका शव मिलने से परिवार की चिंता मातम में बदल गई।

घटना की सूचना मिलते ही सरपतहां थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से उतरवाकर कब्जे में लिया। नवागत क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में चौकी प्रभारी पट्टीनरेन्द्रपुर सुरेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
