पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में एक छात्रा के साथ कथित यौन अपराध की सूचना सोशल मीडिया और छात्र समूहों में वायरल होने के बाद शनिवार रात से भारी बवाल शुरु हो गया। बड़ी संख्या में छात्रों ने कैंपस में प्रदर्शन किया। विरोध के दौरान तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आईं। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर मामले में उचित कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। हालांकि, विश्वविद्यालय प्रशासन ने रेप की घटना के आरोप को पूरी तरह खारिज करते हुए इसे झूठी और आधारहीन अफवाह बताया है।

छात्रों के बीच वायरल हो रही जानकारी में दावा किया गया कि G3 हॉस्टल की एक छात्रा के साथ परिसर में काम करने वाले एक कर्मचारी द्वारा कथित तौर पर यौन अपराध किया गया। छात्रों का आरोप है कि शिकायत के बाद छात्रा को घर भेज दिया गया और विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की। पुलिस ने छात्रों से शिकायत प्राप्त होने की बात कही और मामले में FIR की प्रक्रिया शुरु करने की जानकारी दी। घटना की सूचना फैलने के बाद बड़ी संख्या में छात्र कैंपस में जमा हो गए। प्रदर्शन धीरे-धीरे उग्र हो गया और विश्वविद्यालय परिसर में तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं। छात्रों ने नेशनल हाईवे को भी जाम किया।पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। रविवार सुबह भी विश्वविद्यालय के गेट के आसपास छात्रों का प्रदर्शन जारी रहने की जानकारी सामने आई है।

जालंधर रेंज के डीआईजी नवीन सिंगला के अनुसार, रविवार तड़के करीब दो बजे बड़ी संख्या में छात्रों ने नेशनल हाईवे जाम किया। छात्रों की मुख्य मांग कथित तौर पर तीन दिन पहले G3 हॉस्टल की एक छात्रा से जुड़े यौन अपराध के मामले में कार्रवाई की थी। डीआईजी ने बताया कि छात्रों का बयान लिया गया है और FIR दर्ज करने की प्रक्रिया शुरु कर दी गई है। पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच छात्रों की अन्य मांगों को लेकर बैठक भी प्रस्तावित है। वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन ने कथित रेप और उससे जुड़ी अन्य वायरल सूचनाओं को खारिज किया है। विश्वविद्यालय की ओर से छात्रों से आधिकारिक माध्यमों से मिलने वाली जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है। फिलहाल इस पूरे मामले में दो अलग-अलग दावे सामने हैं, एक ओर छात्रों की शिकायत और कथित घटना को लेकर प्रदर्शन है, जबकि दूसरी ओर विश्वविद्यालय प्रशासन आरोपों को अफवाह बता रहा है। छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाओं की भी पुलिस जांच कर रही है। प्रशासन के सामने अब एक ओर कथित यौन अपराध की शिकायत की निष्पक्ष जांच कराने और दूसरी ओर कैंपस में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की बड़ी चुनौती है।
