बक्सा थाना क्षेत्र में एक बैंक मैनेजर की कार के अंदर गोली लगने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार का शीशा तोड़कर घायल अवस्था में बाहर निकाला। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, दुर्गेश श्रीवास्तव (35) पुत्र अवधेश श्रीवास्तव, निवासी किरन इनक्लेव, कुर्सी रोड, टेढ़ी पुलिया, थाना गुडंबा, जनपद लखनऊ तथा हाल पता वन विहार, जौनपुर, रिजनल बैंक मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। बताया गया कि वह गुरुवार सुबह अपनी टाटा सिएरा कार संख्या UP32 SA 4239 से बदलापुर से जौनपुर की ओर जा रहे थे। बक्सा थाना क्षेत्र में हाईवे के पास उनकी कार में गोली चलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार का शीशा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने कार की तलाशी के दौरान एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और सुसाइड नोट में दर्ज तथ्यों सहित अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।घटना के संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
