लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के हुकुलगंज में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक के जरिए मां-बेटी की कथित अश्लील तस्वीरें तैयार कर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता अंजू गुप्ता ने चार युवकों पर तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर दो लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है। मामले में उन्होंने पुलिस आयुक्त से शिकायत की।

शिकायत में पीड़िता ने संदीप गुप्ता, विकास, अमन साहनी और गोलू बम्पर पर AI के माध्यम से कथित आपत्तिजनक तस्वीरें तैयार कर उन्हें हुकुलगंज स्थित घर और बेटी की ससुराल सालारपुर में चस्पा करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक, 11 सितंबर की रात सालारपुर में तस्वीरें चस्पा की गईं। घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध कराने की बात कही गई है।पीड़िता ने आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के चलते उसे और उसके परिवार को बदनाम करने तथा दबाव बनाने के लिए यह सब किया जा रहा है। पुलिस आयुक्त कार्यालय से शिकायत के बाद थाना प्रभारी को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी संदीप गुप्ता को पूछताछ के लिए कई बार बुलाया गया, लेकिन वह थाने नहीं पहुंचा। सोमवार को वह कुछ महिलाओं के साथ थाने आया और अपने पक्ष से संबंधित आरोप लगाए। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।इसी बीच कुछ स्थानीय लोगों ने संदीप गुप्ता पर ऑनलाइन जुआ संचालित करने का भी आरोप लगाया है। उनका दावा है कि पूर्व में इस संबंध में एक वीडियो भी सामने आया था। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रुप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
