तेजतर्रार पुलिस अधिकारी के रुप में पहचान बना चुकीं सीओ प्रतिमा वर्मा ने शनिवार को शाहगंज सर्किल के क्षेत्राधिकारी के रुप में कार्यभार ग्रहण कर लिया। पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के आदेश पर उन्हें शाहगंज सर्किल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्यभार संभालते ही उन्होंने सर्किल कार्यालय में अधीनस्थ थाना प्रभारियों के साथ परिचयात्मक एवं समीक्षा बैठक कर कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सीओ प्रतिमा वर्मा इससे पहले करीब 19 महीने तक मछलीशहर सर्किल की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं। इसके बाद उन्हें यातायात क्षेत्राधिकारी का दायित्व सौंपा गया था। करीब आठ दिन बाद ही पुलिस अधीक्षक ने उन्हें शाहगंज जैसे महत्वपूर्ण सर्किल की जिम्मेदारी दी। समीक्षा बैठक में सीओ ने सर्किल की कानून-व्यवस्था, लंबित विवेचनाओं, वांछित एवं वारंटी अपराधियों की स्थिति तथा महिला संबंधी अपराधों की जानकारी ली। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और संगठित अपराध, अवैध शराब, जुआ, चोरी व लूट जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए।
उन्होंने कहा कि सभी थानाध्यक्ष अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाएं और हिस्ट्रीशीटरों पर कड़ी निगरानी रखें। साथ ही आम जनता से बेहतर संवाद स्थापित कर उनकी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। सीओ प्रतिमा वर्मा ने महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए एंटी रोमियो अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित प्रार्थना पत्रों और विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ड्यूटी में लापरवाही सामने आने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सीओ के कार्यभार संभालने के बाद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों में नई सक्रियता देखने को मिली। बैठक में शाहगंज कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार सिंह, खुटहन थाना प्रभारी विक्रम लक्ष्मण सिंह, खेतासराय थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
