जेसीआई शाहगंज संस्कार द्वारा आयोजित जेसी सप्ताह के तहत सेवा, पर्यावरण संरक्षण और रचनात्मकता को बढ़ावा देने वाले विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। सप्ताह के पहले दिन मल्हनी बाजार स्थित हयात हॉस्पिटल और बाजारों में स्टील बोतल वितरण कार्यक्रम हुआ, जबकि दूसरे दिन खेतासराय स्थित के.डी. इण्टर कॉलेज में पर्यावरण विषय पर ड्राइंग प्रतियोगिता आयोजित कर विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया गया।

मल्हनी बाजार स्थित हयात हॉस्पिटल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हॉस्पिटल स्टाफ सहित शाहगंज बाजार में अन्य लोगों को कुल 155 स्टील बोतलें वितरित की गईं। आयोजकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य लोगों को प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।
जेसी सप्ताह के दूसरे दिन गुरुवार को खेतासराय स्थित के.डी. इण्टर कॉलेज में कक्षा छह से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं के बीच पर्यावरण विषय पर ड्राइंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी कल्पनाशीलता एवं कला के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरियाली और स्वच्छता का संदेश चित्रों में उकेरा। छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता के जरिए प्रकृति को सुरक्षित रखने, अधिक से अधिक हरियाली बढ़ाने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की आवश्यकता को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। आयोजन के दौरान विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए प्रकृति को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने का संकल्प भी दिलाया गया।

कार्यक्रम में जेसीआई शाहगंज संस्कार के अध्यक्ष रवि शंकर चतुर्वेदी, जेसी वीक चेयरमैन इकरार खान, पूर्व अध्यक्ष अखलाक खान, पंकज सिंह, विनायक गुप्ता, सरफराज, साकिब खान, अमीश खान, मिन्हाज इराकी, कुशाग्र अग्रहरि, रजा हुसैन सहित अन्य लोग मौजूद रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्य नीतू सेठ के साथ शिक्षकगण रविंद्र यादव, राममूरत, मेवालाल और धर्मेंद्र कुमार ने कार्यक्रम में विशेष सहयोग किया। अंत में डॉ. नीरज सोनी ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले अतिथियों, विद्यालय परिवार और प्रतिभागी छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
