खुटहन, जौनपुर
मुलायम सोनी
समाचार एक्सप्रेस
पनौली गांव में सोमवार को एक नव-निर्मित मकान में 48 वर्षीय विवाहिता गुड़िया पत्नी मुख्तार अहमद का शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला के सिर के माथे और पिछले हिस्से में किसी ठोस वस्तु से प्रहार किए जाने के निशान मिले हैं। परिजनों ने हत्या के बाद सोने की चेन, कान की बालियां और पैरों की पायल गायब होने का आरोप लगाया है।
घटना की सूचना मिलते ही शाहगंज सर्किल की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। परिजनों के अनुसार, महिला सोमवार को यह कहकर घर से निकली थीं कि नव-निर्मित मकान का दरवाजा ठीक कराने के लिए बढ़ई को बुलवाया गया है। उनका पैतृक घर नए मकान से करीब 500 मीटर की दूरी पर है। दोपहर करीब ढाई बजे जब उनकी दोनों बेटियां स्कूल से घर लौटीं तो कमरे में तख्त पर मां का शव पड़ा मिला। सिर से खून बह रहा था। बेटियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। महिला का शव नए मकान में मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों ने गांव के ही एक बढ़ई पर हत्या का संदेह जताया है। हालांकि, परिवार ने किसी के साथ पुरानी रंजिश होने से इनकार किया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। मौके पर शाहगंज के प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह, सरपतहां के प्रभारी निरीक्षक रामाश्रय राय और खेतासराय के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सिंह समेत सर्किल की पुलिस मौजूद रही। मृतका के दो पुत्र सैफ अली (22) और फैज अली (20) गुजरात में रहते हैं, जबकि उनके पति विदेश में हैं। उनकी दो बेटियां सबा (18) और सानिया (16) हैं। परिजन दोनों बेटों के आने के बाद ही शव पुलिस के कब्जे में देने की मांग पर अड़े रहे। वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
थाना अध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि मामले में संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
