नगर के बभनौटी वार्ड में आयोजित श्री हनुमान मंदिर रामलीला समिति के मंच पर बीती रात पत्रकारों और समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। भगवान श्रीराम के आदर्शों और सामाजिक सरोकारों को समर्पित समारोह में पत्रकारिता एवं समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाले लोगों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

कार्यक्रम में बतौर अतिथि पहुंचे डॉ. अवनीश सिंह बघेल और समाजसेवी सतीश यादव ‘प्रिंस’ ने पत्रकारों एवं समाजसेवियों के योगदान की सराहना की। इस दौरान सतीश यादव ने कहा कि समाज की असली ताकत कलम के सिपाही और नि:स्वार्थ भाव से सेवा करने वाले समाजसेवी हैं। पत्रकार अपनी कलम के माध्यम से जनता की समस्याओं और पीड़ा को आवाज देते हैं, वहीं समाजसेवी जरूरतमंदों की मदद कर उनके जीवन में उम्मीद जगाते हैं। उन्होंने कहा कि जब किसी गरीब और वंचित की आवाज जिम्मेदार लोगों तक नहीं पहुंच पाती, तब पत्रकारिता उसके लिए एक सशक्त माध्यम बनती है। इसी तरह संकट के समय समाजसेवियों की मदद जरूरतमंदों को संबल प्रदान करती है। दोनों की भूमिका समाज को जागरूक, संवेदनशील और जिम्मेदार बनाने में महत्वपूर्ण है।

सतीश यादव ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, मर्यादा, कर्तव्य और लोककल्याण की प्रेरणा देता है। रामलीला की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने आचरण में उतारा जाए और समाजहित में कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि पत्रकारों एवं समाजसेवियों का सम्मान उनके संघर्ष, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सम्मान प्रकट करने का माध्यम है। ऐसे आयोजन समाज के लिए सकारात्मक कार्य करने वालों का उत्साह बढ़ाते हैं।

समारोह के दौरान मंच पर पत्रकारों और समाजसेवियों को आमंत्रित किया गया तथा उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक जागरूकता बढ़ाने, जनसमस्याओं को सामने लाने, जरूरतमंदों की सहायता करने में पत्रकारिता एवं समाजसेवा की अहम भूमिका है। उपस्थित लोगों ने रामलीला समिति की इस पहल की सराहना की। इस अवसर पर मार्कंडेय पाण्डेय, मंदीप पाण्डेय, अखिलेश पाण्डेय, रामदवर प्रजापति, वरिष्ठ भाजपा नेता शांतिभूषण मिश्रा, मनीष गुप्ता, अशोक यादव सुल्तानी, विशाल मोदनवाल, ऋषभ यादव, राजकेसर सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में समिति के अध्यक्ष जगदंबा प्रसाद पाण्डेय और प्रबंधक डॉ. अशोक कुमार पाण्डेय ने अतिथियों एवं आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
