मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत गुरुवार को जौनपुर पुलिस ने साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए मोबाइल प्रदर्शनी एवं जन-जागरूकता वैन रवाना की। रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी सदर योगिता सिंह और क्षेत्राधिकारी शाहगंज ने हरी झंडी दिखाकर वैन को रवाना किया। कार्यक्रम अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व में आयोजित हुआ। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर सम्यक चौधरी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

‘जागरूक जौनपुर, सुरक्षित जौनपुर’ के संदेश के साथ संचालित इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं, बालिकाओं और आम नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना है। मोबाइल प्रदर्शनी वैन विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी के तरीकों, बचाव के उपायों और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी देगी। अभियान के दौरान फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, एपीके फाइल, सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल, ऑनलाइन खरीदारी में ठगी तथा निवेश के नाम पर अधिक मुनाफे का लालच देकर की जाने वाली धोखाधड़ी के प्रति लोगों को सतर्क किया जाएगा।

महिलाओं और बालिकाओं को सोशल मीडिया पर निजी जानकारी एवं तस्वीरें साझा करते समय सावधानी बरतने, गोपनीयता सेटिंग का उपयोग करने और ऑनलाइन उत्पीड़न की शिकायत करने के संबंध में भी जागरूक किया जाएगा।जौनपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी अनजान व्यक्ति से ओटीपी, यूपीआई पिन और बैंकिंग पासवर्ड साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या अनजान एप डाउनलोड करने से बचें। अपना बैंक खाता किसी अन्य व्यक्ति को लेन-देन के लिए उपलब्ध न कराएं।पुलिस ने बताया कि साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। शिकायत से संबंधित संदेश, मोबाइल नंबर, स्क्रीनशॉट और लेन-देन का विवरण सुरक्षित रखें।
