उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के अमरिया कस्बे में रामलीला मेला कमेटी के वर्चस्व को लेकर खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। मंगलवार को हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रुप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। एहतियातन क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

मृतकों की पहचान कुनाल श्रीवास्तव, अंकित गुप्ता और मोहित गुप्ता के रुप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रामलीला मेला कमेटी के संचालन और वर्चस्व को लेकर चंद्रप्रकाश गुप्ता और कौशल गुप्ता के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते मामला हिंसक हो गया।

बताया जा रहा है कि हमलावर कारोबारी भाइयों के घर पहुंचे थे। वहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद कथित तौर पर कौशल गुप्ता और उनके पक्ष के लोगों ने पहले लाठी-डंडों से हमला किया और फिर फायरिंग कर दी। गोली लगने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी कौशल गुप्ता समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके अतिरिक्त पांच अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।घटना के बाद मृतक भाइयों की मां ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उनका एनकाउंटर किए जाने की मांग की है। वहीं, वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क है।

अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।रामलीला मेला कमेटी के वर्चस्व को लेकर शुरु हुआ विवाद तीन लोगों की मौत के बाद गंभीर आपराधिक मामले में बदल गया है। फिलहाल पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।
