पटना से लखनऊ आ रहे इंडिगो के विमान पर खराब मौसम के दौरान आसमानी बिजली गिरने से हड़कंप मच गया। घटना के समय विमान करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। बिजली गिरने से विमान के अगले हिस्से यानी नोज को नुकसान पहुंचा, जिसके बाद पायलट ने सूझबूझ का परिचय देते हुए विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया।

बताया गया कि इंडिगो की उड़ान संख्या 6E925 ने पटना एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। लखनऊ पहुंचने के बाद इसी विमान को उड़ान संख्या 6E6968 के रुप में लखनऊ से अहमदाबाद जाना था। लखनऊ एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद उसमें सवार करीब 150 यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया। घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। विमान के क्षतिग्रस्त होने के कारण उसकी आगे की उड़ान रोक दी गई।

इंडिगो की ओर से यात्रियों के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था की गई। इसके बाद सभी यात्रियों को दूसरे विमान से अहमदाबाद रवाना किया गया। वहीं, बिजली गिरने से क्षतिग्रस्त हुए विमान की तकनीकी जांच के लिए इंजीनियरों की टीम मौके पर पहुंची और विमान का निरीक्षण शुरु कर दिया। खराब मौसम के बीच पायलट की सतर्कता और त्वरित निर्णय के चलते विमान को सुरक्षित लैंड कराया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
