फूलपुर थाना क्षेत्र के कुआर-कठिराव मार्ग पर बचौरा स्थित ईंट-भट्ठे के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान केराकत-जौनपुर क्षेत्र के कुसहा निवासी सुनील वर्मा (35) के रुप में हुई।

बताया गया कि सुनील वर्मा बाइक से अपनी पत्नी और बच्चों को लेने कठिराव (जंगलपुर) स्थित ससुराल जा रहे थे। जैसे ही वह बचौरा स्थित ईंट-भट्ठे के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में सुनील सड़क पर गिर पड़े और वाहन की चपेट में आने से गंभीर रुप से घायल हो गए। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के पास मिले आधार कार्ड और मोबाइल फोन के जरिए उसकी पहचान सुनील वर्मा के रुप में हुई। घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित ससुराल में हादसे की जानकारी पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया।

पत्नी चंदा देवी परिजनों के साथ मौके पर पहुंचीं। पति का शव देखते ही वह बदहवास होकर रोने लगीं। उनकी दो छोटी बेटियां और करीब दो वर्ष का दिव्यांग बेटा भी पिता के शव के पास रोते-बिलखते नजर आए। परिजनों के मुताबिक सुनील वर्मा सूरत में एक निजी फैक्ट्री में काम करते थे। वह छुट्टी लेकर घर आए थे और पत्नी व बच्चों को लेने ससुराल जा रहे थे। बताया गया कि करीब तीन दिन बाद उन्हें वापस सूरत जाना था। इससे पहले ही सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई।

परिजनों ने बताया कि सुनील के छोटे भाई की भी करीब एक वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। सुनील परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। सूचना पर पहुंची फूलपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर अजयराज वर्मा ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर हादसे में शामिल वाहन की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है।
