बिसरख थाना क्षेत्र के मिल्क लच्छी गांव में 25 वर्षीय ऑनलाइन डिलीवरी बॉय अजय सिंह की मौत के बाद मामला चर्चा में है। अजय ने मौत से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपनी पत्नी पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए और अपनी मौत के लिए उसे जिम्मेदार बताया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरु कर दी है।

अजय मूल रुप से कानपुर देहात का रहने वाला था और ग्रेटर नोएडा में पत्नी के साथ किराये के मकान में रहता था। पुलिस के अनुसार, वह ऑनलाइन डिलीवरी का काम करता था। रिपोर्टों में बताया गया है कि दोनों ने 9 फरवरी को प्रेम विवाह किया था।
मौत से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो में अजय ने दावा किया कि उसकी पत्नी कई अन्य युवकों से फोन पर बातचीत करती थी। उसके अनुसार, जब उसने पत्नी की कॉल हिस्ट्री देखी तो इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। अजय ने आरोप लगाया कि उसने पत्नी को ऐसा करने से रोकने और समझाने की कोशिश की, लेकिन विवाद बढ़ता गया और वह मानसिक रुप से परेशान रहने लगा। अजय ने वीडियो में अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए उसे अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया।

पुलिस ने अजय के मोबाइल फोन को साक्ष्य के तौर पर कब्जे में लिया है। अधिकारियों के मुताबिक वीडियो की सत्यता और उसमें कही गई बातों की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, परिजनों की शिकायत के आधार पर महिला के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित मामला दर्ज किया गया है, जबकि पुलिस वीडियो और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में वीडियो, मोबाइल फोन, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और दोनों पक्षों से मिलने वाली जानकारी को जांच में शामिल किया जाएगा।
