शारदीय नवरात्र के अवसर पर मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के तहत सिधाई अख्खनसराय स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। नारी शक्ति को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान शक्ति मोबाइल टीम की महिला आरक्षी रीता चौहान, मानसी, उपनिरीक्षक रामचन्द्र सिंह और आरक्षी माधव मिश्रा ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उनकी सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। पुलिस टीम ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय संबंधित हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग कर सहायता प्राप्त की जा सकती है। जागरूकता कार्यक्रम में महिला सुरक्षा के लिए 1090, 181, साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 तथा बच्चों की सहायता के लिए 1098 हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया।

पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर, जागरूक और सशक्त बनाना है। नवरात्र के दौरान दुर्गा पूजा पंडाल में चलाए गए इस जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से महिला सुरक्षा का संदेश दिया गया।
