सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म मेटा से आत्महत्या से संबंधित वीडियो का अलर्ट मिलने के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गोरखपुर में 24 वर्षीय युवती को सुरक्षित बचा लिया। पुलिस की सक्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सूचना मिलने के महज छह मिनट के भीतर खोराबार थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और युवती को सुरक्षित बचाने में सफल रही। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण के निर्देशों के क्रम में पुलिस मुख्यालय स्थित सोशल मीडिया सेंटर की टीम को मेटा की ओर से अलर्ट प्राप्त हुआ था।

टीम ने बिना देर किए इसकी सूचना गोरखपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही खोराबार थाने की पुलिस सक्रिय हो गई और तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस मुख्यालय के सोशल मीडिया सेंटर और स्थानीय पुलिस के बीच त्वरित समन्वय महत्वपूर्ण साबित हुआ। मेटा से मिले अलर्ट को समय रहते संबंधित पुलिस इकाई तक पहुंचाया गया, जिसके बाद स्थानीय पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर युवती की सुरक्षा सुनिश्चित की। घटना आपात परिस्थितियों में डिजिटल प्लेटफॉर्म से मिलने वाली सूचनाओं और पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया के महत्व को दर्शाती है। समय पर अलर्ट मिलने, सूचना का तत्काल आदान-प्रदान होने और पुलिस की सक्रियता से संभावित अनहोनी को टाला जा सका।

उत्तर प्रदेश पुलिस की इस कार्रवाई ने आपात स्थितियों में तकनीक, सतर्कता और विभागीय समन्वय की उपयोगिता को रेखांकित किया है। महज छह मिनट में मौके पर पहुंचकर की गई कार्रवाई को पुलिस की त्वरित कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण उदाहरण माना जा रहा है।
