अवैध और नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ प्रयागराज में एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा किया है। एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के कटहुला गौसपुर के पास एक मकान में छापेमारी कर टीम ने करीब एक करोड़ रुपये कीमत की प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप और अन्य दवाएं बरामद की हैं। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।

एसटीएफ के अनुसार, गिरोह दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश से कफ सिरप की खेप मंगाकर प्रयागराज समेत उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों और दूसरे राज्यों में इसकी अवैध सप्लाई करता था। बरामद खेप को एयरपोर्ट थाने से करीब 500 मीटर दूर एक मकान में छिपाकर रखा गया था।छापेमारी के दौरान 19,388 शीशियां कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा अलग-अलग ब्रांड की करीब 61,600 जेनेरिक दवाओं की टैबलेट, एक कार, 95 खाली बोरियां, उपकरण और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।जांच में सामने आया है कि गिरोह से जुड़े लोग फर्जी कागजात और बिल्टी के जरिए दवाओं की खेप मंगाते थे। एसटीएफ अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और दवा कारोबारियों की भूमिका की जांच कर रही है। रिपोर्टों के अनुसार, कुछ खेप प्रयागराज और वाराणसी की फर्मों के नाम पर भी मंगाई जाती थी।

जांच एजेंसियों के अनुसार, गिरोह के सदस्य दवाओं के बैच नंबर मिटाकर उन्हें आगे सप्लाई करने की प्रक्रिया में शामिल थे। बरामदगी के बाद पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगाला जा रहा है। मामले में तीन अन्य संदिग्धों की तलाश की जानकारी भी सामने आई है। एसटीएफ ने गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरु कर दी है। पुलिस और औषधि विभाग की जांच के बाद अवैध दवा कारोबार से जुड़े नेटवर्क के बारे में और खुलासे होने की संभावना है।
